बाराबंकी। जिले के फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। ग्राम झांसा निवासी नीरज चौहान अपनी पत्नी आरती, पुत्र अनुराग, आशू और पुत्री अंशिका के साथ भीषण गर्मी के कारण सड़क किनारे मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। तभी सुबह करीब 3 बजे महमूदाबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक डंपर अनियंत्रित होकर परिवार के ऊपर चढ़ गया।
जिले के फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार ग्राम झांसा निवासी नीरज चौहान अपनी पत्नी आरती, दो बेटों अनुराग और आशू तथा बेटी अंशिका के साथ भीषण गर्मी के कारण सड़क किनारे मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 3 बजे महमूदाबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक डंपर अनियंत्रित होकर परिवार के ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि नीरज चौहान और उनके बड़े बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल आरती, आशू और अंशिका को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में आशू और अंशिका ने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव में कोहराम मचा हुआ है। घायल आरती अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
