सिंगरौली। जिले के ग्राम बिंदूल में गंगा दशहरा के अवसर पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशन में जल स्रोत समागम अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। नवांकुर संस्था कर्मभूमि फाउंडेशन के मार्गदर्शन में ग्रामीणों ने बेनियांव नदी की साफ-सफाई की और ढोढिया तालाब में श्रमदान किया। इसके बाद महिलाओं और नवांकुर सखियों ने तालाब से पवित्र जल भरकर भव्य कलश यात्रा निकाली, जो अहिरान टोला स्थित शिव मंदिर पहुंची। वहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जल संरक्षण का संकल्प लिया गया।
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद जिला सिंगरौली के विकासखंड बैढ़न के निर्देशन में ग्राम बिंदूल में जल स्रोत समागम अभियान के तहत एक दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बिंदूल द्वारा नवांकुर संस्था कर्मभूमि फाउंडेशन के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण एवं ग्रामीणों को जल के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने मिलकर बेनियांव नदी में वृहद साफ-सफाई अभियान चलाया। इसके बाद सभी ने ढोढिया तालाब में श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया। श्रमदान उपरांत ग्रामीण महिलाओं एवं नवांकुर सखियों द्वारा ढोढिया तालाब से पवित्र जल भरकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा अहिरान टोला स्थित शिव मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सिंह, सचिव लाले सिंह एवं रोजगार सहायक मुकेश कुमार बियार उपस्थित रहे। वहीं ग्राम के वरिष्ठजन रणवीर सिंह, ललन सिंह, तेज बहादुर सिंह, राम रक्षा नाई, रामचंद्र यादव तथा प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष रामाधार यादव, सचिव शंकर लाल यादव, रामजन्म यादव, कलावती यादव, सीताबाई सिंह और हरचरण सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में नवांकुर सखियों, सेक्टर खनुआ की कार्यक्रम समन्वयक वंदना शाह, परामर्शदाताओं एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में कार्यक्रम समन्वयक वंदना शाह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
