मैनपुरी। ऐलाऊ थाना क्षेत्र के कुसमारा रोड पर बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चलती कार का अचानक टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा पलटा। हादसे में 105 वर्षीय बुजुर्ग महिला और 8 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि परिवार के 6 अन्य सदस्य घायल हो गए।
जिले के ऐलाऊ थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 105 वर्षीय बुजुर्ग महिला और 8 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार का पिछला टायर अचानक फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा पलटा। पुलिस के अनुसार रूपपुर भरतपुर गांव निवासी उमेश अपनी मां रमा देवी, बेटी प्रांशी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बेवार में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। कार को सचिन चला रहा था। ऐलाऊ क्षेत्र के कुसमारा रोड पर अचानक कार का टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार कई बार पलटते हुए खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस एवं एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रमा देवी और प्रांशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल परिवार के छह अन्य सदस्यों का उपचार किया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके चलते शवों को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा गया।
