बांदा। जिले के बिसंडा कस्बे में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार बालू लदा ट्रक पहले एक सेवानिवृत्त शिक्षक को कुचलता हुआ भाग निकला और फिर अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पर पलट गया। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य घायल हो गए।
जिले के बिसंडा कस्बे में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने छह लोगों की जान ले ली। तेज रफ्तार बालू लदा ट्रक पहले एक सेवानिवृत्त शिक्षक को कुचलता हुआ भागा और फिर अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पर पलट गया। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा के पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस. के अनुसार, हादसा शाम करीब पौने 5 बजे हुआ। लौली-शिव गांव के पास बालू से भरे ट्रक ने साइकिल से जा रहे सेवानिवृत्त शिक्षक रामेश्वर (61) को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मोटरसाइकिल से ट्रक का पीछा शुरू कर दिया। भागने की कोशिश में ट्रक चालक ने बिसंडा कस्बे के आगे ओरन रोड स्थित नाथू तालाब के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक ई-रिक्शा के ऊपर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक राकेश (45), ममता (48), मुबीन (40) और शाहबाज (12) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सोहनलाल (50) ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में एक तीन माह की बच्ची समेत 4 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज जारी है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
