सूरत। गुजरात के सूरत जिले में प्रेम विवाह का एक दर्दनाक अंत सामने आया है। इंस्टाग्राम पर दूसरी महिला से बातचीत को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
प्यार में परिवार, समाज और धर्म की दीवारें पार कर शादी करने वाली एक युवती की जिंदगी का दर्दनाक अंत हो गया। जिस पति के लिए उसने सबकुछ छोड़ दिया, उसी ने गुस्से में उसकी हत्या कर दी। मामला सूरत जिले की पलसाणा तहसील के बगुमरा गांव स्थित महादेव विला अपार्टमेंट का है, जहां 22 वर्षीय विवाहिता की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक मृतका मैवीश खातून अफजल अली ने हिंदू रीति-रिवाज से शिवम रणजीत सिंह ठाकुर से शादी की थी। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के रहने वाले थे। बताया गया कि आरोपी शिवम युवती को नाबालिग अवस्था में अपने साथ भगा ले गया था, जिसके बाद उसके खिलाफ मामला भी दर्ज हुआ था। बाद में दोनों ने शादी कर ली और सूरत में रहने लगे। शुरुआत में युवती की मौत को सामान्य माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की और शक पति पर गया। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली के पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी को इंस्टाग्राम पर दूसरी महिला से बातचीत करने पर आपत्ति थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी बहस बढ़ गई और गुस्से में आकर उसने पत्नी का गला घोंट दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
