सिंगरौली। नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए गढ़वा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रही महिला सप्लायर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 19 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की गई है।
गढ़वा पुलिस ने नशीली कफ सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रही महिला सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 19 नग कोडीन फास्फेट युक्त ESCODYL कफ सिरप बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3,230 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में पूछताछ के दौरान महिला की संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद थाना गढ़वा पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की तलाश शुरू की। 29 मई 2026 को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी महिला अमीला उर्फ रसियन गुप्ता (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी नशीली कफ सिरप की सप्लाई और बिक्री के नेटवर्क से जुड़ी हुई थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई को पुलिस की नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
