सिंगरौली। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन द्वारा लगातार सख्ती बरती जा रही है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश एवं खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में खनिज विभाग ने शुक्रवार सुबह विशेष जांच अभियान चलाकर अवैध परिवहन में संलिप्त चार वाहनों को जप्त किया।
जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वाहनों को जप्त किया है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश एवं खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में शुक्रवार सुबह चलाए गए आकस्मिक जांच अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। सहायक खनि अधिकारी रामसुशील चौरसिया के नेतृत्व में की गई जांच में बिना वैध रॉयल्टी पास के रेत परिवहन करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी 66 ए 4891 को पकड़ा गया, जिसे थाना माडा में खड़ा कराया गया। वहीं ग्राम जैतपुर क्षेत्र में अवैध रूप से बोल्डर परिवहन कर रही एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा रेत परिवहन में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी 66 ए 1557 को जप्त कर पुलिस चौकी जयंत के सुपुर्द किया गया। इसके अलावा एक बिना नंबर के डंपर को भी अवैध रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया, जिसे थाना नवानगर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग की इस कार्रवाई में कुल चार वाहन जप्त किए गए हैं। विभाग ने सभी वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
