मनोरंजन। अभिनेत्री कंगना रनौत इन दिनों अपनी आगामी फिल्म भारत भग्या विधाता को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के प्रति बढ़ती उत्सुकता के बीच कंगना ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा कर फिल्म के शीर्षक का असली अर्थ बताया और उन लोगों को देश का असली नायक बताया, जो रोजमर्रा की जिंदगी में चुपचाप अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं।
अभिनेत्री कंगना रनौत ने अपनी आगामी फिल्म भारत भग्या विधाता के जरिए देश के उन अनदेखे नायकों को सम्मान देने की बात कही है, जो रोजमर्रा की जिंदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में कंगना ने फिल्म के शीर्षक का अर्थ समझाते हुए कहा कि नर्स, सफाईकर्मी, वार्ड बॉय, सुरक्षा कर्मचारी और अन्य सेवा कर्मी ही देश के असली “भारत भाग्य विधाता” हैं। कंगना ने कहा कि यदि एक दिन के लिए ये कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियां निभाना बंद कर दें, तो पूरा तंत्र प्रभावित हो सकता है। इसके बावजूद इन्हें अक्सर सामान्य व्यक्ति समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। फिल्म ऐसे ही कर्मयोगियों के समर्पण, साहस और सेवा भावना को समर्पित है। फिल्म में कंगना एक स्टाफ नर्स की भूमिका निभा रही हैं, जिसकी कहानी अस्पताल के उन गलियारों में घूमती है, जहां कठिन परिस्थितियों के बीच भी मानवता और कर्तव्य सर्वोपरि रहते हैं। फिल्म का उद्देश्य उन लोगों की भूमिका को सामने लाना है, जो संकट के समय समाज की रीढ़ बनकर खड़े रहते हैं। फिल्म में कंगना के अलावा कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और आम लोगों के असाधारण योगदान को बड़े पर्दे पर पेश करेगी।
