गोंडा। जिले में कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़ी खेप मिलने के बाद प्रशासन ने इसकी बिक्री पर रोक लगाते हुए जांच शुरू कर दी है। मामला सामने आने के बाद पुलिस और औषधि विभाग की टीम सक्रिय हो गई है।
जिले में कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़ी खेप मिलने के बाद प्रशासन और औषधि विभाग सतर्क हो गया है। अधिकारियों ने खेप की बिक्री पर तत्काल रोक लगाते हुए इसकी विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि कौड़िया क्षेत्र की एक फार्मा फर्म ने नोएडा से कोडीन युक्त कफ सिरप की खेप मंगाई थी। यह खेप जिला मुख्यालय स्थित जानकी नगर में एक परिवहन कंपनी के गोदाम पर पहुंची थी। सूचना मिलने पर पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। औषधि निरीक्षक सुमित वर्मा के अनुसार, खेप में कुल 132 गत्ते और 3,168 बोतलें कफ सिरप की पाई गई हैं। दवाओं के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं तथा रिपोर्ट आने तक इसकी बिक्री पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने संबंधित फर्म से खरीद संबंधी बिल और अन्य दस्तावेज प्राप्त किए हैं। साथ ही पिछले छह माह के खरीद-बिक्री रिकॉर्ड भी तलब किए गए हैं, ताकि आपूर्ति श्रृंखला और वितरण नेटवर्क की पड़ताल की जा सके।
