गाजियाबाद। जिले के खोड़ा क्षेत्र में 11वीं कक्षा के छात्र की चाकू से हमले के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
जिले के खोड़ा क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 11वीं कक्षा के छात्र सूर्य चौहान (17) की चाकू से हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, 28 मई को सूर्य चौहान को फोन कर मिलने के लिए बुलाया गया था। वह अपने दोस्तों के साथ तय स्थान पर पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। परिजनों का दावा है कि सूर्य अपनी जान बचाने के लिए करीब 200 मीटर तक भागा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा कर दोबारा हमला किया। गंभीर रूप से घायल सूर्य को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि परिवार की शिकायत पर पांच नामजद आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, अपराध में इस्तेमाल चाकू उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे और उनके बीच दोस्ताना संबंध भी थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, मोटरसाइकिल चलाने को लेकर हुए विवाद के बाद गुस्से में आकर एक आरोपी ने हमला किया, जो बाद में जानलेवा साबित हुआ। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
