सिंगरौली। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। विकासखंड चितरंगी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कर्थुआ में हुए औचक निरीक्षण के दौरान लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर कई स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
निरीक्षण के दौरान केंद्र में पदस्थ फार्मासिस्ट अनुराग द्विवेदी बिना स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित पाए गए। इस पर उनके एक दिन के वेतन की कटौती की गई है। वहीं नर्सिंग ऑफिसर अंजली गुप्ता ड्यूटी के दौरान निर्धारित ड्रेस कोड में नहीं मिलीं, जिसके चलते उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा नर्सिंग ऑफिसर प्रमिला सिंह तथा उपस्वास्थ्य केंद्र घोघरा में पदस्थ एएनएम अनुभा मिश्रा भी बिना सूचना के कार्यस्थल से अनुपस्थित पाई गईं। दोनों कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक-एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की गई है। बताया गया कि यह कार्रवाई कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशों के तहत की गई है। उन्होंने 13 मई 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और सेवाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कर्थुआ का औचक निरीक्षण किया गया था। मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एस. बैस ने संबंधित कर्मचारियों को आदेश जारी कर दो कार्य दिवस के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ एकपक्षीय और कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
