इटावा। जिले में दर्दनाक हादसे में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो चचेरे भाई-बहन की मौत हो गई। वहीं, आंधी-बारिश के चलते दीवार गिरने की एक अन्य घटना में एक महिला की जान चली गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार बसरेहर थाना क्षेत्र के कृपालपुर गांव के पास ईंट निर्माण के लिए किए गए मिट्टी खनन से बने गड्ढों में रविवार की तेज आंधी और बारिश के बाद पानी भर गया था। सोमवार को ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले दो भाइयों के बच्चे प्रियांशु (8 वर्ष) और मनीषा (10 वर्ष) अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों फिसलकर पानी से भरे गड्ढे में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। अन्य बच्चों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, लेकिन जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इसी बीच, रविवार शाम आई आंधी-बारिश से जुड़ी एक अन्य घटना में इकदिल थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव में घर की दीवार गिरने से 59 वर्षीय विद्यावती की मौत हो गई, जबकि उनके पति कैलाश बाबू गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि दंपति घर के आंगन में भोजन कर रहे थे, तभी अचानक दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उपजिलाधिकारी विक्रम सिंह राघव ने बताया कि मृतका के परिजनों को आपदा राहत योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जबकि घायल का उपचार जारी है।
