सिंगरौली। जिले के चितरंगी विकासखंड अंतर्गत ग्राम रेहड़ी (ग्राम पंचायत पराई) में आज 3 जून को जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10:30 बजे से शुरू होने वाले इस शिविर में सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्र विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
जिले के चितरंगी क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए आज 3 जून को जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। जनपद पंचायत चितरंगी अंतर्गत ग्राम रेहड़ी (ग्राम पंचायत पराई) में सुबह 10:30 बजे से आयोजित होने वाले इस शिविर में सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर ही निराकरण करना है। शिविर में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी अपने अमले के साथ उपस्थित रहेंगे और शिकायतों एवं आवेदनों का त्वरित समाधान करेंगे। शिविर में खाद्य, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, जनजातीय कार्य, पशुपालन, डेयरी, स्कूल शिक्षा, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, मत्स्य, विद्युत एवं जल संसाधन विभाग सहित अन्य विभागों के विशेष काउंटर लगाए जाएंगे। यहां ग्रामीण अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। इसके अलावा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया जाएगा, जहां ग्रामीणों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। प्रशासन ने शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। तहसीलदार चितरंगी एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पेयजल, टेंट, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
