सिंगरौली। प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 5 जून से 21 जून तक चलने वाले विशेष जनअभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू होने वाले इन कार्यक्रमों का समापन 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर होगा।
प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को निर्देश दिए कि 5 जून से 21 जून तक चलने वाले विशेष जनहित और विकास अभियानों को पूरी तैयारी एवं गंभीरता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू होने वाले इन अभियानों का समापन विश्व योग दिवस पर होगा। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाए। प्रत्येक नगरीय निकाय में कम से कम 500 पौधे लगाए जाएं तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सभी ग्राम पंचायतों में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके साथ ही शासकीय भवनों, स्कूलों, छात्रावासों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर प्लास्टिक कचरे एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर भी ध्यान दिया जाए। उन्होंने बताया कि 12 से 18 जून के बीच सभी विकासखंड मुख्यालयों और नगरीय निकायों में जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे। प्रत्येक शिविर तीन दिनों तक संचालित होगा, जहां शासन की विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कर उन्हें लाभ दिलाया जाएगा। आयुष्मान योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना सहित अन्य योजनाओं से वंचित लोगों का पंजीयन कराया जाएगा। साथ ही सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और आमजन के लंबित आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि 19 और 20 जून को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कम से कम दो स्थानों पर कार्यशालाओं का आयोजन किया जाए। कृषि विभाग को इसका नोडल विभाग बनाया गया है। कार्यशालाओं में कृषि वैज्ञानिक और विभागीय अधिकारी किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभों की जानकारी देंगे। इसके अलावा 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर जिला, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। योग दिवस के लिए आयुष विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। मुख्य सचिव ने जल गंगा संवर्धन अभियान की भी समीक्षा करते हुए पुराने जल स्रोतों की सफाई, रिचार्ज पिट निर्माण और रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण से जुड़े सभी कार्यों की जानकारी निर्धारित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी केंद्र से कलेक्टर गौरव बैनल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
