सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में गुरुवार सुबह लखनादौन से कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह (बाबा) ठाकुर की स्कॉर्पियो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा धूमा के पास नेशनल हाईवे स्थित बंजारी क्षेत्र में उस समय हुआ, जब वाहन के सामने अचानक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
सिवनी जिले में लखनादौन से कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह (बाबा) ठाकुर की स्कॉर्पियो कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि जबलपुर से लौटते समय धूमा के पास नेशनल हाईवे स्थित बंजारी क्षेत्र में अचानक सामने गाय आ जाने से वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्कॉर्पियो में भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की तत्परता से विधायक, उनके चालक और सुरक्षा कर्मी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दुर्घटना में तीनों को चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की चपेट में आकर स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर खाक हो गई। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है और पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
