सिंगरौली। जिले के सिद्धीकला गांव में शनिवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इस घटना में महिला और उसके एक वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि दो वर्षीय बेटी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
जिले के सिद्धीकला गांव में शनिवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना में महिला और उसके एक वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि दो वर्षीय बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बेहतर उपचार के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिद्धीकला निवासी अरुण कुमार बैस की पत्नी प्रमिला बैस (24) ने अपने बेटे श्रवण (1) और बेटी तान्वी (2) के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने पर तीनों को तत्काल जिला अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर बैढ़न ले जाया गया। इलाज के दौरान महिला और उसके बेटे श्रवण ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से बीमार तान्वी की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद या घरेलू कलह की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
