सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य दुकान बकहुल में खाद्यान्न वितरण में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। जांच के बाद दुकान की सहायक विक्रेता विभा पनिका के खिलाफ पुलिस ने आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।
जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य दुकान बकहुल में राशन वितरण में भारी अनियमितता और गबन का मामला सामने आया है। जांच के बाद दुकान की सहायक विक्रेता विभा पनिका के खिलाफ पुलिस ने आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति सरई के प्रबंधक आदित्य तिवारी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। उप आयुक्त सहकारिता के निर्देश पर गठित जांच दल ने 30 मई 2026 को दुकान का औचक निरीक्षण किया था, जिसमें भौतिक सत्यापन और पीओएस मशीन के रिकॉर्ड में बड़ा अंतर पाया गया। जांच में सामने आया कि शासकीय खाद्यान्न के स्टॉक में भारी कमी है। रिपोर्ट के अनुसार करीब 9,49,502 रुपये मूल्य का राशन गबन किया गया, जिसमें 251.51 क्विंटल गेहूं, 151.33 क्विंटल चावल, 113.55 क्विंटल नमक, 7.35 क्विंटल मूंग और 0.23 क्विंटल शक्कर शामिल है। यह कृत्य मध्य प्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2015 की कंडिका 13(2) का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद सरई थाना पुलिस ने आरोपी सहायक विक्रेता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 316(2) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 व 7 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
