सिंगरौली। जिले के बंधौरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत सितुल गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसा, जिसकी चपेट में आने से घर के बाहर सो रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जिले के बंधौरा चौकी क्षेत्र के सितुल गांव में सोमवार रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर काल बनकर आया। अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसा और घर के बाहर सो रहे युवक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेंद्र कुमार शाह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रेलर बंधौरा से परसोना की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सीधे घर में घुस गया। हादसे के वक्त राजेंद्र घर के बाहर सो रहे थे और वाहन की चपेट में आ गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। मंगलवार सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार लगातार लोगों की जान ले रही है, लेकिन प्रशासन केवल हादसों के बाद औपचारिक कार्रवाई तक सीमित रहता है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मृतक के परिवार को मुआवजा, दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई और गांव के पास भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, उनका विरोध जारी रहेगा।
