सिंगरौली। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर गौरव बैनल ने विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। मॉडल सड़क निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को अतिरिक्त मैनपावर लगाकर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि समय पर कार्य पूर्ण नहीं होने पर संबंधित एजेंसी और अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर गौरव बैनल ने समय-सीमा बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। मॉडल सड़क निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित एजेंसी और अधिकारियों को चेतावनी दी कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने जर्जर विद्यालयों और आंगनवाड़ी भवनों को लेकर भी गंभीरता दिखाई। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी और महिला एवं बाल विकास विभाग को ऐसे भवनों का तत्काल निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। जिले के सभी जर्जर भवनों की जानकारी तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है। बैठक में प्राकृतिक आपदा प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को आकाशीय बिजली, बाढ़ और अन्य संभावित आपदाओं को लेकर आमजन को जागरूक करने तथा आपदा नियंत्रण कक्षों के संपर्क नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने वर्षा ऋतु से पहले नदी-नालों की सफाई, वृक्षारोपण अभियान, राजस्व प्रकरणों के निराकरण, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों और किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
