सिंगरौली। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सिंगरौली पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत जिलेभर में 110 प्रकरण दर्ज कर 1049.15 लीटर अवैध शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 4.25 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ सिंगरौली पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल हुई है। जिलेभर में आबकारी एक्ट के तहत 110 प्रकरण दर्ज करते हुए पुलिस ने 1049.15 लीटर अवैध शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 4.25 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत, पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान तथा पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान सभी थाना क्षेत्रों में लगातार दबिश, चेकिंग और तलाशी अभियान चलाए गए। पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
सरई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ईको वाहन से पकड़ी गई 441 लीटर शराब- अभियान के दौरान थाना सरई पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पोखरीटोला इमलीडीह में छापेमारी कर एक मारुति सुजुकी ईको वाहन से 441 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की। वाहन की तलाशी के दौरान 49 कार्टून शराब जब्त किए गए, जिनमें 25 कार्टून देशी लाल मसाला और 24 कार्टून देशी प्लेन शराब शामिल थी। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया। जब्त शराब की कीमत लगभग 2.70 लाख रुपये तथा वाहन की कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में कुल 7.70 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया। मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
