सिंगरौली। प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में गठित उच्च स्तरीय समिति के सदस्य अनूप नायर की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार सिंगरौली में महत्वपूर्ण जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य यूसीसी के विभिन्न पहलुओं पर आमजन और प्रबुद्ध वर्ग के सुझाव प्राप्त करना था। बैठक में अनूप नायर ने बताया कि समान नागरिक संहिता के अंतर्गत विवाह, तलाक, भरण-पोषण, गोद लेने तथा संपत्ति के न्यायसंगत विभाजन जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक और कानूनी विषयों को शामिल किया जा रहा है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से निष्पक्ष सुझाव एवं लिखित प्रस्ताव देने का आग्रह किया, ताकि एक व्यापक और सर्वसमावेशी कानून का प्रारूप तैयार किया जा सके। जनसंवाद में जनप्रतिनिधियों, कानूनविदों, महिला संगठनों की प्रतिनिधियों, युवाओं, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न धर्मों के गुरुओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लेकर अपने विचार और सुझाव साझा किए। चर्चा के दौरान देश की सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से सुझाव दिया कि प्रस्तावित कानून में महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए, जिससे समाज में लैंगिक समानता को और अधिक मजबूती मिल सके। इस अवसर पर अनूप नायर ने जिला पंचायत परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
