नेशनल डेस्क। सोशल मीडिया पर इन दिनों 39 हफ्तों की गर्भवती योगा प्रशिक्षक शशि प्रभु द्विवेदी का अनोखा मैटरनिटी फोटोशूट चर्चा का विषय बना हुआ है। साड़ी पहनकर योगासन करती उनकी तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं और लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं।
प्रेग्नेंसी फोटोशूट के ट्रेंड के बीच एक ऐसा फोटोशूट सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। 39 हफ्तों की गर्भवती योगा प्रशिक्षक शशि प्रभु द्विवेदी ने साड़ी पहनकर योगासन करते हुए अपना मैटरनिटी फोटोशूट कराया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। 37 वर्षीय शशि वर्षों से योग का अभ्यास कर रही हैं। उन्होंने यह फोटोशूट डॉक्टर की सलाह और निगरानी में कराया। उनका कहना है कि इस शूट का उद्देश्य यह संदेश देना था कि गर्भावस्था के दौरान भी महिलाएं सुरक्षित तरीके से सक्रिय और आत्मविश्वासी रह सकती हैं। फोटोशूट में शशि हरे रंग की सिल्क साड़ी और पारंपरिक महाराष्ट्रीयन अंदाज में नजर आ रही हैं। गोल्डन जरी बॉर्डर वाली साड़ी, नथ और सादगी भरे आभूषणों ने उनके लुक को खास बना दिया। वहीं योग के संतुलित और आकर्षक पोज़ ने पूरे कॉन्सेप्ट को एक अलग पहचान दी। सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा उनके बैलेंसिंग योगा पोज़ की हो रही है। कई यूजर्स ने इसे फिटनेस, आत्मविश्वास और मातृत्व का खूबसूरत संगम बताया है। लोगों का कहना है कि यह फोटोशूट पारंपरिक भारतीय परिधान और आधुनिक फिटनेस संस्कृति का शानदार उदाहरण है। शशि ने अपने लुक को बेहद सिंपल रखा। हल्का मेकअप, खुले बाल और न्यूनतम ज्वेलरी के साथ उनका प्रेग्नेंसी ग्लो साफ नजर आया। यही वजह है कि तस्वीरों में पूरा फोकस उनके व्यक्तित्व और फोटोशूट के संदेश पर बना रहा। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि गर्भावस्था के दौरान किसी भी प्रकार के योग या शारीरिक गतिविधि को अपनाने से पहले चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। हर महिला की स्वास्थ्य स्थिति अलग होती है, इसलिए बिना विशेषज्ञ की सलाह के ऐसे योगासन करने से बचना चाहिए। शशि प्रभु द्विवेदी का यह फोटोशूट सिर्फ एक वायरल ट्रेंड नहीं, बल्कि मातृत्व, फिटनेस और आत्मविश्वास को सेलिब्रेट करने का एक प्रेरणादायक संदेश भी बनकर सामने आया है।
