सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे एक नवविवाहित युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पत्नी ने अपने ही भाई पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस भर्ती परीक्षा देकर घर लौट रहे नवविवाहित दंपती की जिंदगी उस वक्त मातम में बदल गई, जब बीच हाईवे पर पत्नी के सामने उसके भाई ने कथित तौर पर जीजा के सिर में गोली मार दी। चार महीने पहले हुए प्रेम विवाह की यह कहानी अब एक दर्दनाक हत्याकांड में बदल गई है। जानकारी के अनुसार, शामली के बाबरी थाना क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को सहारनपुर में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने आए थे। परीक्षा खत्म होने के बाद दोनों स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे। तभी हाईवे पर उनकी गाड़ी को रोककर एक युवक ने शिव कुमार के सिर में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही शिव कुमार लहूलुहान होकर गिर पड़े। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी आकांक्षा ने हत्या का आरोप अपने भाई मंजीत पर लगाया है। उसका कहना है कि उसने चार महीने पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ शिव कुमार से प्रेम विवाह किया था, जिससे परिजन नाराज थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।
