सिंगरौली। जिले में अवैध खनन और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर खनिज विभाग ने ग्राम बड़कुड़ और पिपरवान में सरकारी भूमि पर संचालित दो गिट्टी क्रशर खदानों को सील कर दिया है।
जिले में अवैध खनन और नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर संचालित दो गिट्टी क्रशर खदानों को सील कर दिया है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर खनिज विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने ग्राम बड़कुड़ और पिपरवान में संचालित क्रशरों पर यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, पूर्व में तहसीलदार चितरंगी, खनिज विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त जांच में दोनों खदानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं। इसके बाद संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनके ट्रांजिट पास (ईटीपी) भी ब्लॉक कर दिए गए थे। इसके बावजूद संचालकों द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए खदान और क्रशर का संचालन जारी रखा गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों इकाइयों को आगामी आदेश तक के लिए सील कर दिया। जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि संबंधित संचालकों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत आगे की दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और सरकारी भूमि के दुरुपयोग के मामलों में भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
