सिंगरौली। बरगवां थाना पुलिस ने ग्राम डाला में हुई अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में मृतक 47 वर्षीय जगन्नाथ सिंह गोंड की हत्या उनके ही 16 वर्षीय सगे भतीजे द्वारा किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 6 जून को जगन्नाथ सिंह गोंड का शव गांव के पास एक खेत में मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा किया। जांच में पता चला कि आरोपी किशोर को संदेह था कि उसके माता-पिता की बीमारी के पीछे उसके चाचा द्वारा किया गया जादू-टोना जिम्मेदार है। इसी अंधविश्वास के चलते वह चाचा से मन ही मन नाराज रहता था। घटना की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। घर लौटते समय दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद किशोर ने चाचा को धक्का देकर गिरा दिया और पत्थर से सिर पर हमला कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के आधार पर उसे चिन्हित कर पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि अंधविश्वास और गलतफहमी के कारण हुई इस वारदात ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बरगवां पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अंधे हत्याकांड का खुलासा होने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना की है।
