नेशनल डेस्क। ब्राजील के रियो डी जनेरियो में रविवार को हुए एक भीषण हेलीकॉप्टर हादसे में लोकप्रिय अमेरिकी सिंगर और सॉन्गराइटर ओलिवर ट्री समेत छह लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, दो हेलीकॉप्टर हवा में आपस में टकरा गए, जिसके बाद दोनों में आग लग गई और दुर्घटना में सवार सभी लोगों की जान चली गई।
अमेरिकी सिंगर और सोशल मीडिया स्टार Oliver Tree की ब्राजील के रियो डी जनेरियो में हुए दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे में मौत हो गई। 32 वर्षीय कलाकार उन छह लोगों में शामिल थे, जिनकी रविवार को दो हेलीकॉप्टरों की हवा में टक्कर के बाद जान चली गई। हादसा रियो डी जनेरियो के Recreio dos Bandeirantes इलाके में हुआ, जहां टक्कर के बाद एक हेलीकॉप्टर कार डीलरशिप के पार्किंग क्षेत्र में जा गिरा और कई वाहनों में आग लग गई। स्थानीय प्रशासन और सिविल पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है, जबकि ब्राजील की विमानन दुर्घटना जांच एजेंसियां हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ओलिवर ट्री अपने अंतरराष्ट्रीय दौरे पर ब्राजील पहुंचे थे। हादसे में अर्जेंटीना के लोकप्रिय यूट्यूबर Gaspar Prim समेत अन्य यात्रियों और दोनों पायलटों की भी जान चली गई। ओलिवर ट्री अपने हिट गानों Life Goes On, Miss You और Alien Boy के लिए दुनियाभर में मशहूर थे। उनके निधन की खबर से संगीत जगत और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
