सिंगरौली। ज्योत्सना महिला समिति द्वारा सीईटीआई परिसर स्थित किड्स जोन ‘उल्लास’ का प्रथम स्थापना दिवस रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सीलोव्स अध्यक्षा श्रीमती बी.के. दुर्गा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मजबूत बुनियाद, पुस्तकों से जुड़ाव और स्क्रीन टाइम कम करने की आवश्यकता पर जोर दिया
ज्योत्सना महिला समिति द्वारा रविवार को सीईटीआई परिसर स्थित किड्स जोन ‘उल्लास’ का प्रथम स्थापना दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सीलोव्स अध्यक्षा श्रीमती बी. के. दुर्गा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रचनात्मक गतिविधियों और ‘वेस्ट टू आर्ट’ प्रदर्शनी ने सभी का मन मोह लिया। अपने संबोधन में श्रीमती बी. के. दुर्गा ने कहा कि किड्स जोन ‘उल्लास’ सिंगरौली में अपनी तरह की एक अनूठी पहल है, जिसका उद्देश्य बच्चों में सामाजिकता, सहभागिता और “Sharing is Caring” की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते स्क्रीन टाइम के कारण बच्चों का सामाजिक और मानसिक विकास प्रभावित हो रहा है, इसलिए अभिभावकों को बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर पुस्तकों और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को छोटी उम्र में ही मजबूत बुनियादी आधार प्रदान करना जरूरी है, ताकि उनमें आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और सीखने की क्षमता विकसित हो सके। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ अधिक संवाद स्थापित करने और उनके सामने मोबाइल फोन के उपयोग को सीमित करने की अपील की। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। इसके बाद नन्हे बच्चों ने ‘बम बम बोले’, ‘लाल टमाटर’, ‘बच्चे मन के सच्चे’ और ‘लकड़ी की काठी’ जैसे गीतों पर आकर्षक नृत्य एवं गायन प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। समारोह के दौरान बच्चों द्वारा तैयार की गई ‘वेस्ट टू आर्ट’ प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। अभिभावकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किड्स जोन से जुड़ने के बाद बच्चों में रचनात्मकता, टीम भावना, सामाजिक व्यवहार और पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ी है। साथ ही वे मोबाइल और डिजिटल स्क्रीन से दूर रहकर अधिक सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने लगे हैं। इस अवसर पर ज्योत्सना महिला समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता कुमार, श्रीमती संगीता नारायण, श्रीमती शीला द्विवेदी, श्रीमती रूबी जायसवाल सहित समिति की सदस्याएं, एनसीएल के अधिकारी-कर्मचारी, बच्चे एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। गौरतलब है कि पिछले वर्ष एनसीएल मुख्यालय के सीईटीआई खेल परिसर में ज्योत्सना महिला समिति द्वारा इस किड्स जोन की शुरुआत की गई थी, जिसका उद्देश्य बच्चों को मोबाइल और गैजेट्स की दुनिया से बाहर निकालकर खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है।
