सिंगरौली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी परीक्षा-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण में कराया जाए। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सभी परीक्षा केंद्रों पर दो स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, जैमर, फ्रिस्किंग प्वाइंट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग फ्रिस्किंग प्वाइंट तथा महिला पुलिसकर्मियों की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, जनरेटर, प्राथमिक उपचार किट, ओआरएस और चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रश्नपत्रों का परिवहन सुरक्षा मजिस्ट्रेट की निगरानी में कराने और परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा का पूर्व ट्रायल निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में बताया गया कि प्रदेश के 30 जिलों के 283 परीक्षा केंद्रों पर नीट यूजी परीक्षा आयोजित होगी। कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष से कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल हुए।
