बलिया। जिले के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी निजी बस से मोटरसाइकिल टकरा जाने से दंपति की मौत हो गई। हादसा बुधवार को गढ़िया रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ।
जिले के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। रसड़ा-मऊ मार्ग पर गढ़िया रेलवे क्रॉसिंग के पास एक मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी निजी बस से टकरा गई। जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के पैकौली पाटेपुर गांव निवासी विनोद प्रजापति (35) अपनी पत्नी मुन्नी देवी (30) के साथ मऊ से इलाज कराकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खड़ी बस से जा भिड़ी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
