मनोरंजन। अभिनेत्री Samantha Ruth Prabhu ने अपनी सेहत को लेकर बड़ा खुलासा करते हुए बताया है कि वह पिछले कुछ समय से गंभीर ऑटोइम्यून बीमारी मायोसिटिस (Myositis) से जूझ रही हैं। इसी बीमारी की वजह से उनका वजन तेजी से कम हुआ है।
दक्षिण भारतीय सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री Samantha Ruth Prabhu इन दिनों अपनी सेहत को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनके लगातार घटते वजन को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब अभिनेत्री ने खुद सामने आकर इसकी असली वजह बताई है। अपनी आगामी फिल्म Ma Inti Bangaram के प्रमोशन के दौरान सामंथा ने भावुक होते हुए कहा कि लोग उनके वजन घटने को डाइट या फिटनेस से जोड़ते हैं, जबकि सच्चाई इससे कहीं अलग है। उन्होंने कहा, “मैं खाना चाहती हूं, लेकिन खा नहीं सकती। लोग नहीं जानते कि मैं किस दौर से गुजर रही हूं।” दरअसल, सामंथा पिछले कुछ वर्षों से मायोसिटिस (Myositis) नामक गंभीर ऑटोइम्यून बीमारी से जूझ रही हैं। इस बीमारी में शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली गलती से अपनी ही मांसपेशियों पर हमला करने लगती है, जिससे सूजन, दर्द, कमजोरी और लगातार थकान जैसी समस्याएं पैदा होती हैं। सामंथा ने बताया कि बीमारी ने उनकी जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन दौर ने उन्हें जीवन की वास्तविकताओं को समझने और हर पल की अहमियत महसूस करने का मौका दिया। साल 2022 में अभिनेत्री ने अस्पताल से अपनी एक तस्वीर साझा कर पहली बार अपनी बीमारी का खुलासा किया था। उस तस्वीर में उनके हाथ में आईवी ड्रिप लगी हुई दिखाई दी थी। उनकी इस ईमानदारी और हिम्मत की फैंस ने खूब सराहना की थी। निजी जीवन में भी सामंथा ने कई चुनौतियों का सामना किया है। साल 2021 में अभिनेता Naga Chaitanya से उनका तलाक हुआ था। इसके बाद मायोसिटिस बीमारी का पता चलने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। अब स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बावजूद सामंथा बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं। उनकी आगामी फिल्म Ma Inti Bangaram को लेकर फैंस में काफी उत्साह है और सभी को उम्मीद है कि वह एक बार फिर अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीतेंगी।
