नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के कुलेसरा गांव में शुक्रवार को एक युवक ने अचानक दो बच्चों समेत तीन लोगों पर चाकू से हमला कर इलाके में सनसनी फैला दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद के गले पर भी चाकू मारकर जान देने की कोशिश की। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
गौतमबुद्ध नगर के कुलेसरा गांव में शुक्रवार को एक युवक ने दो बच्चों समेत तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी ने खुद के गले पर भी चाकू मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना में घायल सभी लोगों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, कुलेसरा निवासी सोनू त्यागी पुस्ता रोड स्थित सरकारी स्कूल के पास से गुजर रहे थे, तभी संजय कुमार नामक युवक ने अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से भागने लगा और रास्ते में सात वर्षीय कीर्तिक तथा नौ वर्षीय मिलन पर भी चाकू से वार कर दिया। हमले में कीर्तिक को चोटें आईं, जबकि मिलन के बाएं हाथ की उंगली में चाकू लगने से वह घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी ने स्वयं अपने गले पर भी चाकू मार लिया, जिससे वह भी घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। थाना ईकोटेक-3 प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी संजय कुमार की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका उपचार चल रहा है। घटना के समय वह घर में अकेला था, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे बाहर गए हुए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
