सिंगरौली। दैनिक भास्कर में प्रकाशित “अतिक्रमण हटाने के विरोध में जान देने पेड़ पर चढ़ा युवक” शीर्षक खबर को प्रशासन ने भ्रामक और असत्य बताया है। नायब तहसीलदार वृत्त खनुआ, तहसील सरई ने स्पष्ट किया है कि मौके पर किसी भी प्रकार की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की जा रही थी।
जिले मे दैनिक भास्कर सिंगरौली में प्रकाशित “अतिक्रमण हटाने के विरोध में जान देने पेड़ पर चढ़ा युवक” शीर्षक समाचार को प्रशासन ने भ्रामक और तथ्यों से परे बताया है। नायब तहसीलदार वृत्त खनुआ, तहसील सरई ने स्पष्ट किया है कि मौके पर किसी प्रकार की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की जा रही थी। उन्होंने बताया कि न्यायालयीन आदेश के तहत ग्राम गजराबहरा स्थित खसरा नंबर 452/1/1/2 की निजी भूमि का सीमांकन किया जा रहा था। संबंधित भूमि पूर्णतः निजी स्वामित्व की है और उसका विधिवत नामांतरण भी हो चुका है। पूर्व में सीमांकन कार्य का विरोध होने के कारण इस बार राजस्व विभाग की चार सदस्यीय टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी। सीमांकन की प्रक्रिया के दौरान मान सिंह गोंड ने विरोध स्वरूप पेड़ पर चढ़कर प्रदर्शन किया। स्थिति की संवेदनशीलता और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सीमांकन की कार्रवाई तत्काल रोक दी। नायब तहसीलदार ने कहा कि समाचार में बुलडोजर चलाने और वन भूमि पर कार्रवाई किए जाने संबंधी प्रकाशित तथ्यों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व अमला केवल न्यायालय के आदेश के पालन में निजी भूमि का सीमांकन करने गया था, न कि किसी अतिक्रमण को हटाने। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी मामले में अफवाहों या भ्रामक खबरों पर विश्वास करने के बजाय आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
