सिंगरौली। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाने वाली महिला सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर नगर निगम सिंगरौली ने एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। नगर निगम सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में महिला सफाई मित्रों को सुरक्षित कार्यप्रणाली, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
नगर निगम सिंगरौली द्वारा महिला सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। नगर निगम सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में महिला सफाई मित्रों को सुरक्षित कार्यप्रणाली, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त आर.पी. बैस और स्वास्थ्य अधिकारी बालगोविंद चतुर्वेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपायुक्त आर.पी. बैस ने कहा कि महिला सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का संरक्षण नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने पर विशेष जोर दिया। कार्यशाला में प्रतिभागियों को कचरा पृथक्करण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सुरक्षित संग्रहण एवं परिवहन की प्रक्रिया के साथ-साथ ग्लव्स, मास्क, गमबूट और एप्रन जैसे सुरक्षा उपकरणों के उपयोग एवं रखरखाव की जानकारी दी गई। आईईसी टीम ने गीले कचरे से जैविक खाद बनाने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला चिकित्सालय के सहयोग से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें महिला सफाई मित्रों की ब्लड प्रेशर, शुगर और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिए तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
