सिंगरौली। जिले में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री गौरव बैनल एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री गौरव बैनल और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केन्द्रीय विद्यालय जयंत, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जयंत, पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विंध्यनगर तथा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न में सुरक्षा, बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को एनटीए के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर पेयजल, पंखे, पर्याप्त रोशनी, छायादार प्रतीक्षा कक्ष और मेडिकल सुविधा उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा अवधि में केंद्रों के आसपास अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही और भीड़भाड़ पर पूरी तरह रोक रहेगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस बल की विशेष तैनाती भी की जाएगी।
