सिंगरौली। जिले के निवास चौकी क्षेत्र अंतर्गत महुआ गांव में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, गिट्टी से लोड एक तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जिले के निवास चौकी क्षेत्र अंतर्गत महुआ गांव में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गिट्टी से लोड एक तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंजारी निवासी राजकुमार साहू अपनी मोटरसाइकिल से किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान महुआ गांव के पास तेज गति से आ रहे गिट्टी लोड हाईवा वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जबकि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही लगातार हादसों का कारण बन रही है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। सड़क जाम की सूचना मिलते ही निवास चौकी पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को उचित कार्रवाई और जांच का आश्वासन दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार हाईवा चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
