सिंगरौली। जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत माझी गांव में वन विभाग और ग्रामीणों के बीच ट्रैक्टर जब्ती को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र के माझी गांव में ट्रैक्टर जब्ती की कार्रवाई उस समय विवाद में बदल गई जब ग्रामीणों और वन विभाग की टीम के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई का विरोध करने पर वन विभाग के एक कर्मचारी ने रायफल से हवाई फायरिंग कर दी, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि सन घड़ियाल अभयारण्य की टीम अवैध रेत परिवहन की सूचना पर एक ट्रैक्टर जब्त करने पहुंची थी। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टर खाली खड़ा था और उसके साथ न तो ट्रॉली थी और न ही रेत, इसके बावजूद उसे जब्त करने की कोशिश की गई। विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई का विरोध किया। इसी दौरान वन विभाग के कर्मचारी द्वारा तीन राउंड हवाई फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही गढ़वा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं।
