सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के मीतापुर गांव में बुधवार को सोन नदी में स्नान के दौरान तीन किशोरों के डूब जाने से हड़कंप मच गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जिले के चोपन थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मीतापुर ग्राम सभा के तीन किशोर सोन नदी में स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार मीतापुर गांव की कुछ महिलाएं सोन नदी में स्नान करने गई थीं। उनके साथ गांव के कई किशोर भी नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान तीन किशोर अचानक गहरे पानी में पहुंच गए और देखते ही देखते नदी की तेज धारा में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी तट पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि डूबने वाले किशोरों की पहचान मीतापुर निवासी संदीप (17 वर्ष), बोलबम (16 वर्ष) और दीपक (15 वर्ष) के रूप में हुई है। समाचार लिखे जाने तक तीनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
