सिंगरौली। रीवा संभाग के कमिश्नर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास और राजस्व विभाग के कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने विद्यार्थियों को समय पर पुस्तक, गणवेश एवं साइकिल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जर्जर भवनों में किसी भी स्थिति में विद्यालय संचालित नहीं किए जाएं। आवश्यकता होने पर स्कूलों को वैकल्पिक भवनों में स्थानांतरित किया जाए। साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम 80 प्रतिशत से अधिक बनाए रखने के लिए रेमेडियल एवं अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए। आईआईटी, जेईई, नीट और सीए जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रत्येक हायर सेकेंडरी विद्यालय में विशेष कक्षाएं शुरू करने पर भी जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में कमिश्नर ने गर्भवती महिलाओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान और मेटरनल एवं नियोनेटल डेथ की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुपोषित बच्चों के उपचार, टीबी मरीजों की पहचान तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने पर भी बल दिया। ग्रामीण विकास एवं राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने पीएम आवास योजना, मनरेगा, जल संरक्षण, पौधरोपण और भूमि संबंधी प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।
