जामताड़ा। झारखंड के जामताड़ा जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र के चरकादाह गांव में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब तेज बारिश के दौरान हुई वज्रपात की घटना में दो लोगों की मौत हो गई और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घर में शहनाइयां गूंज रही थीं, रिश्तेदारों की चहल-पहल थी और शादी की खुशियों के बीच हर कोई जश्न में डूबा था। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पलों में यह खुशी दर्दनाक मातम में बदल जाएगी। झारखंड के जामताड़ा जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र स्थित चरकादाह गांव में बुधवार शाम एक शादी समारोह के दौरान अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई तो लोग खुद को बचाने के लिए सुरक्षित जगह तलाशने लगे। इसी अफरा-तफरी के बीच आसमान से गिरी आकाशीय बिजली ने चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। वज्रपात इतना भयावह था कि 49 वर्षीय विनय सोरेन और 38 वर्षीय विश्वकर्मा टुडू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं 17 वर्षीय शिवशन टूटू और 19 वर्षीय राकेश मुर्मू गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद शादी समारोह में चीख-पुकार मच गई और खुशियों का माहौल देखते ही देखते गम में बदल गया। ग्रामीणों की मदद से चारों को तत्काल जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों का इलाज जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। सूचना मिलते ही बिंदापाथर थाना प्रभारी विनय यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद जिस घर में शादी की तैयारियां और खुशियों का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पूरे चरकादाह गांव में शोक की लहर है और लोग मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। शादी का उत्सव एक ऐसी त्रासदी में बदल गया, जिसे गांव के लोग शायद ही कभी भूल पाएंगे।
