नेशनल डेस्क। राजस्थान के डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा पुलिस थाने में तैनात एक महिला कॉन्स्टेबल को सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर के बाद निलंबित कर दिया गया। वायरल फोटो में कॉन्स्टेबल थाने के डेस्क पर दोनों पैर रखकर बैठी नजर आ रही हैं, जबकि एक बुजुर्ग व्यक्ति अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए सामने खड़ा इंतजार करता दिखाई दे रहा है।
राजस्थान के डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा पुलिस थाने में तैनात एक महिला कॉन्स्टेबल की लापरवाही का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर में महिला कॉन्स्टेबल थाने की मेज पर दोनों पैर रखकर आराम से बैठी दिखाई दे रही हैं, जबकि एक बुजुर्ग फरियादी अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए सामने खड़ा इंतजार कर रहा है। तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने पुलिस के रवैये और कार्यशैली पर सवाल उठाए। यूज़र्स ने इसे शिकायतकर्ता के प्रति असंवेदनशील और गैर-पेशेवर व्यवहार बताते हुए कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग अपनी समस्या लेकर बिछीवाड़ा थाने पहुंचे थे, लेकिन महिला कॉन्स्टेबल ने उनकी शिकायत सुनने में रुचि नहीं दिखाई। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने यह तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर साझा कर दी, जो देखते ही देखते वायरल हो गई। मामले ने तूल पकड़ने के बाद राजस्थान पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और महिला कॉन्स्टेबल को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अनुशासनहीनता और जनता के साथ अभद्र या गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
