सिंगरौली। शहर के जुड़वा तालाब परिसर में अब 100 फीट ऊंचा विशाल तिरंगा राष्ट्रगौरव का प्रतीक बनकर लहराएगा। नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा स्थापित इस विशाल राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण विधायक रामनिवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल एवं नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।
औद्योगिक नगरी सिंगरौली के जुड़वा तालाब परिसर में अब 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज शहर की पहचान और गौरव का प्रतीक बनेगा। नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा स्थापित विशाल तिरंगे का लोकार्पण शनिवार को विधायक रामनिवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल एवं नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि यह तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की संप्रभुता, अखंडता और वीर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब भी यह ध्वज सिंगरौली के आसमान में लहराएगा, तब हर नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना और अधिक प्रबल होगी। महापौर रानी अग्रवाल ने कहा कि जुड़वा तालाब परिसर में स्थापित यह विशाल तिरंगा शहर की नई पहचान बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि तालाब के किनारे लहराता तिरंगा यहां आने वाले हर व्यक्ति में देशभक्ति और स्वाभिमान का भाव जागृत करेगा। नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने इसे नगर निगम की राष्ट्रहित और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह तिरंगा आने वाली पीढ़ियों को देशप्रेम और एकता का संदेश देता रहेगा।
