सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत सोमवार को मुख्यालय में संविदा सफाई कर्मियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों ने परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका की सराहना करते हुए उनके समर्पण और सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी सफाई कर्मियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा के तहत सोमवार को मुख्यालय में संविदा सफाई कर्मियों के सम्मान में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में सफाई कर्मियों के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी सफाई कर्मियों को स्मृति-उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सफाई कर्मियों ने स्वच्छता जागरूकता रैली में भाग लेकर स्वच्छता और जन-जागरूकता का संदेश भी दिया। स्वच्छता पखवाड़ा के तहत एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं में भी कई जनहित गतिविधियां आयोजित की गईं। निगाही परियोजना में डीपीएस के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। वहीं डीएवी पब्लिक स्कूल, बीना में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। निगाही परियोजना द्वारा करीब 300 फलदार पौधों का वितरण कर हरित वातावरण को बढ़ावा दिया गया। दूधीचुआ क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई, हाइजीन किट वितरित किए गए तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए फलदार पौधे बांटे गए। उल्लेखनीय है कि एनसीएल में 16 जून से स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
