सिंगरौली। नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने गनियारी स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परिसर का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को रिक्त आवासों का शीघ्र आवंटन, नियमित साफ-सफाई, निर्बाध पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने तथा पहुंच मार्ग की मरम्मत के निर्देश दिए।
नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने मंगलवार को गनियारी स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिक्त आवासों को शीघ्र पात्र हितग्राहियों को आवंटित करने, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि कुछ हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले मकान किराए पर दे दिए हैं या स्वयं वहां निवास नहीं कर रहे हैं। इस पर निगमायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए ऐसे मामलों की जांच कराने और नियमों के अनुसार संबंधित हितग्राहियों का आवंटन निरस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को स्थायी आवास उपलब्ध कराना है, इसलिए योजना का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। निगमायुक्त ने अधिकारियों को आवास परिसर की नियमित निगरानी करने, नालियों की सफाई, कचरा प्रबंधन, निर्बाध पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट एवं विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ-साथ मुख्य पहुंच मार्ग की मरम्मत शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
