सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में जून माह के अंत में मुख्यालय सहित कुल 66 कर्मी अधिवर्षिता आयु पूर्ण करने पर सेवानिवृत्त हुए। मुख्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में अधिकारियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित करते हुए उनकी निष्ठापूर्ण सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया और स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं दीं।
कोल इंडिया की अग्रणी अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में जून माह के अंत में मुख्यालय सहित कुल 66 कर्मी अधिवर्षिता आयु पूर्ण करने पर सेवानिवृत्त हुए। मुख्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित करते हुए उनकी वर्षों की निष्ठापूर्ण सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया गया और स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वालों में मुख्य प्रबंधक (उत्खनन) शशि शेखर प्रसाद सिंह, वरीय प्रबंधक (सचिवीय-राजभाषा) हुकुम सिंह अहरवार, सहायक पर्यवेक्षक (परिवहन) नागेंद्र प्रसाद, पम्प ऑपरेटर जी. मलेशू तथा केंद्रीय चिकित्सालय की सामान्य सहायक श्रीमती कमला शामिल रहीं। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए एनसीएल और कोल इंडिया परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनसीएल में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा और कंपनी की निरंतर प्रगति की कामना की। निदेशक (कार्मिक) मनीष कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवाकाल का स्वाभाविक पड़ाव है और सभी कर्मियों ने अपने समर्पण, परिश्रम एवं कर्मनिष्ठा से कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को एनसीएल का ब्रांड एम्बेसडर बताते हुए कहा कि एनसीएल परिवार सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा। वहीं, निदेशक (तकनीकी/संचालन) आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि अनुभवी कर्मियों की विदाई भावुक क्षण होती है। उन्होंने कहा कि एनसीएल की उपलब्धियों में इन कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और भविष्य में भी वे कंपनी के सच्चे प्रहरी बने रहेंगे। मुख्यालय के साथ-साथ एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों में भी सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किए गए।
