सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के कसर रेलवे अंडरब्रिज में बारिश के बाद जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। करीब तीन फीट पानी भरने से यह मार्ग लोगों के लिए जोखिम भरा बन गया है। स्कूली बच्चों, मरीजों, मजदूरों और व्यापारियों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिले के बरगवां थाना क्षेत्र स्थित कसर रेलवे अंडरब्रिज में भारी बारिश के बाद करीब तीन फीट पानी भर जाने से लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, मजदूरों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नाला निर्माण के लिए करीब 200 मीटर सड़क तीन महीने पहले काटी गई थी, लेकिन आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया। अधूरी नाली और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान अंडरब्रिज में पानी भर जाता है, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। स्थानीय निवासी अनिल सिंह ने बताया कि यदि निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं करना था तो सड़क काटने की आवश्यकता ही क्या थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जलभराव के दौरान लोगों को ओवरलोड वाहनों से अंडरब्रिज पार कराया जाता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। जलभराव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद रेलवे और संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि अंडरब्रिज में स्थायी जल निकासी की व्यवस्था की जाए, अधूरा नाला निर्माण तत्काल पूरा कराया जाए और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
