सिंगरौली। जिले के पूर्व महापौर रेनू शाह के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर सोमवार को कांग्रेस सड़क पर उतर आई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने शहर में रैली निकालकर विरोध जताया और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए एफआईआर निरस्त करने तथा निष्पक्ष जांच की मांग की।
पूर्व महापौर रेणु शाह के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। शहर में रैली निकालने के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और प्रकरण को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व महापौर रेणु शाह के खिलाफ दर्ज मामला राजनीतिक दबाव में दर्ज किया गया है और निष्पक्ष जांच नहीं की गई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि एफआईआर वापस नहीं ली गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। यह मामला परसदेही गांव में पावरग्रिड कंपनी के हाईटेंशन टावर निर्माण के दौरान हुए विवाद से जुड़ा है। विवाद के दौरान जमीन मालिक जगदीश शाह की मौत हो गई थी। इसके बाद पटवारी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में पूर्व महापौर रेणु शाह, भास्कर मिश्रा और राधिका शाह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। इसी एफआईआर को निरस्त करने और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कांग्रेस ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। फिलहाल इस मांग पर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
