सिंगरौली। जनपद पंचायत चितरंगी के सामुदायिक भवन में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए धीमे कार्यों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।
जनपद पंचायत चितरंगी के सामुदायिक भवन में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही और सुस्ती किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, धरती आबा योजना, जनमन आवास योजना, ओडीएफ प्लस सत्यापन और नल-जल योजना के संधारण कार्यों की समीक्षा की गई। सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति पर असंतोष जताते हुए निर्देश दिए कि जुलाई माह के अंत तक कम से कम 40 प्रतिशत लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने ग्राम पंचायतों को शासकीय भवनों के मरम्मत कार्य में अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए आवश्यक भवनों की मरम्मत तत्काल शुरू कराने के भी निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान बैठक से अनुपस्थित सचिवों, सहायक सचिवों तथा अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों पर भी सीईओ ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को सेवा समाप्ति संबंधी नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
