सिंगरौली। जिले में कृषि को अधिक आधुनिक, लाभकारी और प्राकृतिक खेती आधारित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में आत्मा गवर्निंग बोर्ड एवं प्राकृतिक खेती जिला स्तरीय समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों और विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आत्मा गवर्निंग बोर्ड एवं प्राकृतिक खेती जिला स्तरीय समिति की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती और शासन की योजनाओं से अधिक से अधिक जोड़ने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कृषि विज्ञान केंद्र और संबंधित विभागों के माध्यम से किसानों के बीच नवीन कृषि तकनीकों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही जिले के प्रगतिशील किसानों की पहचान कर उन्हें उन्नत प्रशिक्षण संस्थानों और देश के अग्रणी कृषि क्षेत्रों का भ्रमण कराया जाए, ताकि वे नई तकनीकों को अपनाकर अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा बन सकें। बैठक में उद्यानिकी विभाग को फूलों की खेती, शेडनेट और ड्रिप सिंचाई को बढ़ावा देने तथा पात्र किसानों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए। वहीं मत्स्य पालन विभाग को केज कल्चर और हैचरी निर्माण को प्रोत्साहित कर मत्स्य उत्पादन बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। कलेक्टर ने सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
