हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में पति-पत्नी के विवाद ने उस समय हाईवोल्टेज ड्रामे का रूप ले लिया, जब एक महिला ने पति पर बेवफाई के शक में उसकी कार में जीपीएस ट्रैकर लगवाकर उसका पीछा किया। लोकेशन ट्रैक करते हुए महिला अपने परिजनों के साथ एक होटल पहुंची, जहां उसने पति को दूसरी महिला के साथ होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा कर दिया।
जिले से पति-पत्नी के विवाद का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पति पर बेवफाई का शक होने पर पत्नी ने उसकी गाड़ी में चोरी-छिपे जीपीएस ट्रैकर लगवा दिया। लोकेशन ट्रैक करते हुए वह अपने मायके वालों और देवर के साथ एक होटल पहुंची, जहां उसने पति को एक महिला के साथ होने का दावा करते हुए हंगामा कर दिया। जानकारी के अनुसार, बागपत निवासी महिला को लंबे समय से अपने पति पर दूसरी महिला से संबंध होने का संदेह था। शक की पुष्टि के लिए परिवार की मदद से पति की कार में जीपीएस डिवाइस लगा दी गई। रविवार को पति के घर से निकलते ही उसकी लोकेशन ट्रैक की गई, जो हापुड़ के मोदीनगर रोड स्थित एक होटल तक पहुंची। पत्नी का आरोप है कि होटल के कमरे में पति को दूसरी महिला के साथ देखकर उसने विरोध किया, जिसके बाद मारपीट और हंगामा शुरू हो गया। मामला होटल से निकलकर सड़क तक पहुंच गया, जहां लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की। बाद में जब पति को एसडीएम कोर्ट ले जाया गया, तब भी कोर्ट परिसर में पत्नी ने दोबारा उसके साथ मारपीट कर दी। पत्नी ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि पति के साथ मौजूद महिला बुलंदशहर के एक सरकारी अस्पताल में नर्स है। हालांकि पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
