बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र स्थित कोर्रही गांव में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। 45 वर्षीय बानो खातून की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में महिला के दामाद लवकुश वर्मा, उसके चाचा छोटेलाल और सहयोगी सत्तू को गिरफ्तार कर लिया है।
जिले में प्रेम विवाह का विरोध एक महिला की हत्या का कारण बन गया। बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव में शनिवार रात 45 वर्षीय बानो खातून की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला के दामाद लवकुश वर्मा, उसके चाचा छोटेलाल और सहयोगी सत्तू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सौरभ सिंह के अनुसार, वारदात शनिवार रात करीब 10 बजे हुई। आरोपियों ने बानो खातून पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय उनकी बेटी आलिया भी मौजूद थी, जिसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब 10 माह पहले आलिया ने गांव के ही रहने वाले लवकुश वर्मा से प्रेम विवाह किया था, जिसका बानो खातून लगातार विरोध कर रही थीं। पुलिस के अनुसार हाल के दिनों में आलिया और लवकुश के बीच भी विवाद चल रहा था। आलिया की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
